Tuesday, August 12, 2025
Homeराजनीतियूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 2024: भर्ती के लिए मिले करीब 48 लाख...

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 2024: भर्ती के लिए मिले करीब 48 लाख आवेदन

लखनऊ

दुनिया के सबसे बड़े पुलिस बल में महिला शक्ति शामिल होने के लिए बेताब है। सिपाही बनकर खाकी पहनने के लिए 15 लाख महिलाओं ने रुचि दिखाई है, जिनमें से करीब 12 हजार का चयन होना है। इसके साथ ही यूपी पुलिस में महिलाओं की संख्या तकरीबन 50 हजार हो जाएगी। इस भर्ती के बाद प्रदेश पुलिस में महिलाओं की 20 फीसदी दावेदारी भी पूरी हो जाएगी। बता दें कि प्रदेश पुलिस में वर्तमान में करीब 37 हजार महिलाएं कार्यरत हैं, जिसमें से 35 हजार नागरिक पुलिस में हैं।

बता दें कि देश भर के पुलिस बल में यदि महिला और पुरुष कर्मियों के अनुपात पर गौर करें तो बिहार पहले स्थान पर है। यूपी में वर्तमान में करीब 12 फीसदी महिलाकर्मी हैं। सिपाही नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर सीधी भर्ती में महिलाओं के लिए 20 फीसदी आरक्षण का नियम है, जिसके बाद 12 हजार महिलाओं को खाकी पहनने का मौका मिलेगा। इससे प्रदेश पुलिस में महिलाओं की संख्या करीब 50 हजार तक पहुंच जाएगी। वहीं, भर्तियों के बाद यूपी पुलिस बल में महिलाओं का अनुपात भी बढ़ जाएगा। भर्ती प्रक्रिया के संपन्न होने के बाद प्रदेश पुलिस में महिलाओं का अनुपात करीब 12 फीसदी से बढ़कर 15 फीसदी हो जाएगा। वहीं पीएसी में तीन महिला वाहिनियों के लिए होने वाली भर्तियों के बाद यह अनुपात 20 फीसदी तक हो जाएगा।

एक पद के 83 उम्मीदवार
पुलिस भर्ती बोर्ड को सिपाही सीधी भर्ती के लिए करीब 48 लाख आवेदन मिले हैं। सिपाही के एक पद के लिए करीब 83 दावेदार हैं। आवेदन करने वालों में करीब 35 लाख पुरुष व 15 लाख महिलाएं हैं। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं ने पुलिस का हिस्सा बनने के लिए आवेदन किया है। महिला सिपाही के एक पद के लिए 125 दावेदार हैं।

बिहार सबसे आगे
यदि पुलिस बल में महिलाओं के अनुपात की बात करें तो बिहार सबसे आगे है। बिहार में 25.3 फीसदी महिला पुलिसकर्मी हैं। इसके बाद हिमाचल प्रदेश में 19.2 फीसदी और तामिलाडु में 18.5 फीसद महिलाकर्मी हैं। पिछले कई वर्षों से प्रदेश पुलिस में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास हो रहे हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रिया के लटकने से इसे पूरा नहीं किया जा सका।

फैक्ट फाइल

– 15 लाख आवेदन सिपाही बनने के लिए महिलाओं ने किए

– 12 हजार महिलाओं को प्रदेश पुलिस का हिस्सा बनने का मिलेगा मौका

– 35200 महिलाकर्मी नागरिक पुलिस में वर्तमान में हैं कार्यरत

– 2500 महिलाकर्मी प्रदेश पुलिस बल की अन्य शाखाओं में कार्यरत

– 50 हजार तक महिलाकर्मी हो जाएंगी हालिया भर्ती प्रक्रिया के बाद

– 3.10 लाख पुलिसकर्मी वर्तमान में प्रदेश पुलिस बल का हैं हिस्सा

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments