नरसिंहपुर में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक का पैदल निरीक्षण
सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर सख्ती
शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने शनिवार को नरसिंहपुर शहर के प्रमुख मार्गों का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सुभाष पार्क चौराहा से होते हुए बाहरी रोड, सुनका चौराहा, मुशरान पार्क से होते हुए मैन रोड, सिंहपुर चौराहा से नगर पालिका चौराहा तक पैदल निरीक्षण कर दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपनी दुकान की सामग्री सड़क पर न रखें तथा प्रतिष्ठानों के सामने पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित रखें।
निरीक्षण के दौरान बाहरी रोड एवं मैन रोड पर संचालित अस्थायी दुकानों को व्यवस्थित संचालन करने के निर्देश दिए। चौपाटी के समीप स्थित एमपी स्टेट एग्रो खाद वितरण केंद्र को भी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए।
इतवारा बाजार क्षेत्र में अस्थायी अतिक्रमण हटाने, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। बाहरी रोड स्थित कमल स्टोर, बैंक ऑफ बड़ौदा एवं कैनरा बैंक सहित अन्य बड़े प्रतिष्ठानों की पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बैंक प्रबंधक एवं अन्य जवाबदारों को निर्देशित किया। अमर ज्योति ज्वेलर्स सहित अन्य बड़े प्रतिष्ठानों के बाहर अस्थाई रूप से पार्किंग क्षेत्र में रखी गई सामग्री को मौके पर ही हटवाया गया और समझाइश दी। जलगांव ज्वेलर्स के पास सब्जी की दुकानों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। मुशरान पार्क से पुत्री शाला तक स्थित दुकानों के टीन शेड, जो सड़क तक आ रहे थे, उन्हें हटाने के निर्देश दिए। सांकल तिराहा स्थित राम भरोसे होटल के समक्ष किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शनीचरा बाजार, जनपद कॉम्पलेक्स तथा नगर पालिका चौराहा क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। नगर पालिका चौराहा एवं जिला चिकित्सालय के आसपास लगी अस्थायी दुकानों को हटाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा रोगी कल्याण समिति कॉम्पलेक्स में लगे टीन शेडों को भी हटाने के निर्देश दिए। मैन रोड एवं बाहरी रोड स्थित दुकानदारों को समझाइश दी गई कि भविष्य में यदि दुकानों का सामन सड़क पर पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भ्रमण के दौरान एसडीएम नरसिंहपुर श्री मणिन्द्र सिंह, डीएसपी श्री मनोज गुप्ता, यातायात निरीक्षक श्रीमती ममता तिवारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री नीलम चौहान सहित पुलिस एवं नगर पालिका का अमला मौजूद था।







Leave a Reply